टीम के सभी खिलाड़ियों ने इस मैच में प्वॉइंट हासिल किए।
पुनेरी पलटन ने लगातार दूसरी बार पीकेएल के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को हैदराबाद में खेले गए पीकेएल सीजन 10 (PKL 10) के पहले सेमीफाइनल मैच में पुनेरी पलटन ने पटना पाइरेट्स को 37-21 के अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पुनेरी पलटन ने पिछले सीजन भी फाइनल में प्रवेश किया था और इस बार भी खिताबी मुकाबले के लिए अपना स्थान पुख्ता कर लिया है। टीम की यही कोशिश रहेगी कि इस बार टाइटल जरुर जीता जाए, क्योंकि पिछली बार टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
पटना पाइरेट्स ने इस मैच में शुरुआत में तो पुनेरी पलटन को थोड़ा टक्कर दी लेकिन जैसे-जैसे मैचों का सिलसिला आगे बढ़ता गया, पुनेरी पलटन की टीम हावी होती गई। पटना पाइरेट्स के रेडर्स और डिफेंडर्स दोनों ही इस मैच में बिल्कुल भी नहीं चले और यही उनके हार की वजह बनी। सचिन तंवर सिर्फ पांच ही प्वॉइंट ले पाए और मैच के दौरान ही चोटिल हो गए। इससे टीम को बड़ा झटका लगा।
वहीं दूसरी तरफ पुनेरी पलटन की तरफ से कप्तान असलम ईनामदार और पंकज मोहिते ने सात-सात प्वॉइंट लिए। वहीं मोहम्मदरेजा चियानेह ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांच प्वॉइंट लिए। पुनेरी पलटन की तरफ से आठ खिलाड़ियों ने इस मैच में प्वॉइंट लिए और यही वजह रही कि टीम ने इस मुकाबले में आसानी से जीत हासिल की।
PKL 10: फाइनल में पुनेरी पलटन का सामना हरियाणा स्टीलर्स से होगा
फाइनल मैच में पुनेरी पलटन का सामना हरियाणा स्टीलर्स के साथ होगा, जो पहली बार फाइनल में पहुंचे हैं। हरियाणा स्टीलर्स का डिफेंस इस सीजन काफी जबरदस्त खेल दिखा रहा है। टीम अपने डिफेंस के बलबूते पर ही फाइनल में पहुंची है। वहीं पुनेरी पलटन के पास कई सारे बेहतरीन रेडर्स हैं। ऐसे में ये मुकाबला पुनेरी पलटन के रेडर्स बनामा और हरियाणा स्टीलर्स के डिफेंडर्स के बीच हो सकता है। अभी तक इन दोनों टीमों ने एक बार भी ट्रॉफी नहीं जीती है और इसी वजह से इस बार पीकेएल को नया चैंपियन मिलना तय है।
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.