इस लिस्ट में कई दिग्गज कप्तान शामिल हैं।
आईपीएल (IPL 2024) का आगाज 22 मार्च से होगा। पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। ऐसे में कहा जा सकता है कि इस सीजन का पहला ही मैच काफी धमाकेदार हो सकता है। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एम एस धोनी का ये आखिरी सीजन हो सकता है। कप्तानी के मामले में धोनी के कोई आस-पास भी नहीं है। अगर अभी तक के आईपीएल इतिहास को उठाकर देखें तो कई सारे बेहतरीन कप्तान आईपीएल में हुए हैं। हालांकि कई बार ऐसा भी देखने को मिला है जब कप्तानों को विवादित तरीके से उनकी कप्तानी से हटा दिया गया।
इस आर्टिकल में हम आपको आईपीएल (IPL) के उन पांच कप्तानों के बारे में बताएंगे, जिन्हें विवादित तरीके से कप्तानी से हटाया गया था।
इन खिलाड़ियों को विवादित तरीके से IPL में कप्तानी से हटाया गया:
5. रविंद्र जडेजा (सीएसके)
चेन्नई सुपर किंग्स के ऑलराउंडर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा लगातार कई सीजन से टीम के लिए खेल रहे हैं। सीएसके की सफलता में उनका योगदान काफी ज्यादा रहा है। इसी वजह से उन्हें आईपीएल 2022 में सीएसके का कप्तान नियुक्त किया गया था। एम एस धोनी अपने करियर की ढलान पर हैं और इसी वजह से जडेजा को कप्तान बनाया गया ताकि वो धोनी के रहते ही कप्तानी में मैच्योर हो जाएं और टीम को संभाल सकें। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम का परफॉर्मेंस काफी खराब रहा था। इसी वजह से बीच सीजन ही जडेजा को कप्तानी से हटाकर उनकी जगह एम एस धोनी को दोबारा कप्तान बना दिया गया था।
वहीं जडेजा कुछ मैचों से बाहर भी रहे थे और इसके बाद इंजरी की वजह से पूरी तरह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। बीच-बीच में ये भी खबरें आईं कि जडेजा और सीएसके के बीच सबकुछ ठीक नहीं है और जडेजा कप्तानी से हटाए जाने की वजह से नाराज थे। हालांकि फ्रेंचाइजी ने अगले सीजन के लिए उन्हें दोबारा रिटेन किया।
4. सौरव गांगुली (कोलकाता नाइट राइडर्स)
आईपीएल का जब आगाज हुआ था तब कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी सौरव गांगुली ने की थी। हालांकि उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और टीम पहले सीजन में छठे पायदान पर रही थी। केकेआर के कोच उस वक्त जॉन बुकानन थे और खबरों के मुताबिक सौरव गांगुली और जॉन बुकानन के काम करने का तरीका काफी अलग था।
जॉन बुकानन ने कप्तानी के कई सारे विकल्प बना रखे थे। उन्होंने दूसरे सीजन ब्रेंडन मैक्कलम को टीम का कप्तान बना दिया था लेकिन इसके बावजूद टीम निचले पायदान पर रही थी। इसके बाद बुकानन को कोचिंग से हटा दिया गया। तीसरे सीजन में सौरव गांगुली एक बार फिर कप्तान बने लेकिन टीम की किस्मत नहीं बदली। इसके बाद उनकी जगह 2011 में गौतम गंभीर को कप्तान बनाया गया।
3. एम एस धोनी (राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स)

चेन्नई सुपर किंग्स के दो साल के लिए सस्पेंड होने के बाद एम एस धोनी ने राइजिंग सुपर जायंट्स के लिए खेला था। उन्हें 2016 के सीजन के लिए टीम का कप्तान बनाया गया था लेकिन टीम नीचे से दूसरे पायदान पर रही थी। इसके बाद उन्हें अगले सीजन कप्तानी से हटा दिया गया था और उनकी जगह स्टीव स्मिथ को कप्तानी सौंपी गई थी। टीम के मालिक संजीव गोयनका ने उस वक्त कहा था कि धोनी ने खुद इस्तीफा नहीं दिया है, बल्कि फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह स्मिथ को कप्तान नियुक्त किया है। गोयनका ने कहा था कि फ्रेंचाइजी एक युवा कप्तान को चाहती थी।
2. रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस)

रोहित शर्मा को 2013 में मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाया गया था और उसके बाद से उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पांच बार चैंपियन बनाया। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की किस्मत ही पलट गई। हालांकि इसके बावजूद आईपीएल 2024 के आगाज से पहले चौंकाने वाला फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को कप्तान बना दिया गया। हार्दिक पांड्या गुजरात टाइटंस के कप्तान थे लेकिन मुंबई ने उन्हें ट्रेड के जरिए हासिल करके कप्तान बना दिया और रोहित शर्मा को उनके पद से हटा दिया गया।
1. डेविड वॉर्नर (सनराइजर्स हैदराबाद)

डेविड वॉर्नर को सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी से हटाना शायद आईपीएल के सबसे विवादित फैसलों में से एक है। उन्हें 2021 के सीजन के दौरान बीच सीजन ही कप्तानी से हटा दिया गया था। वॉर्नर ने सीजन के पहले 6 मैचों में कप्तानी की थी और उसमें टीम को मात्र एक ही मैच में जीत मिली थी।
इसके बाद वॉर्नर को कप्तानी से हटाकर केन विलियमसन को कप्तान बना दिया गया था। यहां तक कि डेविड वॉर्नर को प्लेइंग इलेवन से भी बाहर कर दिया गया और कुछ मैचों के दौरान वो टीम के साथ ड्रेसिंग रूम की बजाय स्टैंड में बैठकर मैच देखते हुए नजर आए थे। वॉर्नर ने 2016 में अपने दम पर सनराइजर्स को आईपीएल का टाइटल जिताया था लेकिन इसके बावजूद उन्हें इस तरह से कप्तानी से हटाया गया।
For more updates, follow Khel Now Cricket on Facebook, Twitter, Instagram, Youtube; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.